भोपाल । हज यात्रा की सब्सिडी पर मध्यप्रदेश में सत्ता पक्ष बीजेपी और विपक्षी पार्टी कांग्रेस में सियासत शुरू हो गई है। सत्ता पक्ष बीजेपी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। तीर्थ दर्शन योजना की पहली ट्रेन की यात्रा में अजमेर शरीफ को नहीं जोडऩे पर शर्मा बोले- अजमेर शरीफ जाने की क्या जरूरत है। अजमेर शरीफ किसको जाना है। पहले हिंदुओं के 33 करोड़ देवी देवताओं तक तो आने दो। अभी तो बहुत देवता बाकी हैं उनके दर्शन करने दो। वैसे भी इस्लाम में तो दूसरे धर्म के शासन के पैसे से धार्मिक यात्रा पर नहीं जाया जाता। उन्होंने कहा कि हज यात्रा की सब्सिडी भी बंद होना चाहिए।
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने रामेश्वर शर्मा के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह देश सबका है, रामेश्वर शर्मा के अकेले का देश नहीं है। देश में रहने वाले हर व्यक्ति को अपने मजहब का पालन करने का अधिकार है। यह अधिकार रामेश्वर शर्मा छीन नहीं सकते हैं। यह केवल चुनाव जीतने का फंडा है। संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं। कहा हम देश के नागरिक हैं जो तुमसे ज्यादा वफादार हैं। संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर के गरबा वाले बयान पर आरिफ मसूद ने कहा कि उनका मानसिक संतुलन खराब है। उनको इलाज की जरूरत है। गरबा आस्था का प्रतीक है। अगर उसमें आयोजन समिति किसी को बुला रही है तो कैसे रोक सकते हो। उषा ठाकुर खुद की टीआरपी के लिए काम कर रही हैं।