कोलकाता | पश्चिम बंगाल में ममता सरकार के खिलाफ सचिवालय चलो का नारा देने वाली भाजपा ने कोलकाता में जोरदार प्रदर्शन किया है। कोलकाता में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा है और पुलिस ने उन्हें सचिवालय जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी है। इसी का विरोध करते हुए भाजपा के कार्यकर्ता उग्र हो गए और अंत में मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया। बड़ा बाजार थाने में पुलिस की गाड़ी को भी फूंके जाने की खबर है। इसके जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार छोड़नी पड़ गई। कोलकाता के अलावा भी बंगाल के कई जिलों में भाजपा के कार्यकर्ता जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ममता सरकार में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपाई सड़कों पर उतरे हैं। यही नहीं हजारों की संख्या में प्रदेश भर से कार्यकर्ता कोलकाता पहुंच रहे हैं।पानागढ़ रेलवे स्टेशन पर 4 भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें आंदोलन करने से रोका जा रहा है।