छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो बच्चियों के उनके ही पिता से यौन शोषण का मामला सामने आया है। दोनों बच्चियां चार और छह साल की हैं। दोनों बच्चियों ने आंगनबाड़ी जाने के दौरान वहां की कार्यकर्ता को बताया था। दोनों बच्चियों के बाल कल्याण समिति  में भी बयान हुए। इसके बावजूद पुलिस ने अभी तक FIR दर्ज नहीं की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मेडिकल में ऐसी पुष्टि नहीं हुई है। अगर CWC की ओर से पत्र आएगा तो कार्रवाई करेंगे। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, गुरु घासीदास सेवादार संघ के साथ आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रियंका सिंह ने बताया कि करीब छह माह पहले से दोनों बहनों ने आना शुरू किया था। वह हमेशा गुमसुम रहती हैं और उन्हें चलने में दिक्कत थी। इस पर जब उनसे प्यार से पूछताछ की गई तो बच्चियों ने पिता की गंदी हरकत के बारे में जानकारी दी। दोनों बच्चियों ने बताया कि उनकी मां छोड़कर चली गई है। इसकी जानकारी CWC को दी तो दोनो बच्चियों के रेस्क्यू कराने में बहुत दिक्कत का सामना करना पड़ा।