नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदी दिवस के मौके पर लोगों को बधाई देकर कहा कि इसकी सादगी, सहजता और संवेदनशीलता हमेशा लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। पीएम मोदी ने उन सभी लोगों को बधाई दी जिन्होंने हिंदी को समृद्ध और सशक्त बनाने में अथक योगदान दिया है।
पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा कि हिन्दी ने विश्वभर में भारत को एक विशिष्ट सम्मान दिलाया है। इसकी सरलता, सहजता और संवेदनशीलता हमेशा आकर्षित करती है। हिन्दी दिवस पर मैं उन सभी लोगों का हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने इसे समृद्ध और सशक्त बनाने में अपना अथक योगदान दिया है।
इसके पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की मित्र है और यह एक आधिकारिक भाषा के रूप में ‘पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधती है। शाह ने ट्वीट करके कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हिंदी सहित सभी स्थानीय भाषाओं के एक साथ विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शाह ने हिंदी में ट्वीट करके कहा कि ‘राजभाषा हिंदी राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरौती है। हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है। हिंदी के संरक्षण व संवर्धन में योगदान देने वाले महानुभावों को नमन करता हूं। सभी को ‘हिंदी दिवस’ की शुभकामनाएं। गौरतलब है कि हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। भारत संघ की आधिकारिक भाषा के रूप में घोषित होने के बाद यह दिन हिंदी भाषा को समर्पित है। भारत की संविधान सभा ने 14 सितंबर, 1949 को देवनागरी लिपि में लिखी गई हिंदी को भारत संघ की आधिकारिक भाषा घोषित किया। 25.8 करोड़ लोगों द्वारा मूल भाषा के रूप में बोली जाने वाली हिंदी को दुनिया में चौथी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा के रूप में मान्यता हासिल है।