पैगंबर मोहम्मद पर बयान देकर घिरे विधायक टी. राजा सिंह को पुलिस ने एक बार फिर से गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें पहले भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अदालत ने जमानत दे दी थी। उसके बाद से ही राजा सिंह के खिलाफ एक बार फिर सेहजारों की भीड़ हैदराबाद की सड़कों पर उतरी थी और सिर तन से जुदा के नारे लगाते हुए टी. राजा सिंह के खिलाफ ऐक्शन की मांग की थी। हैदराबाद के कई इलाकों में बीते कुछ दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन जारी हैं। पुलिस ने बुधवार को लाठीचार्ज भी किया था ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके। इसके अलावा आरएएफ की तैनाती भी की गई थी।

भाजपा से निलंबित विधायक टी. राजा सिंह ने आज सुबह ही कहा था कि सीएम के. चंद्रशेखर राव ने इस मामले को ईगो पर ले लिया है। विधायक ने कहा था कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार करने के लिए साजिश रची जा रही है। इस बीच राजा सिंह की रिहाई के खिलाफ हैदराबाद पुलिस ने हाई कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। अदालत में पुलिस ने कहा है कि राजा सिंह का बयान भड़काऊ था और उन्हें रिहा करने के चलते समाज में अशांति फैल रही है। बीते कई दिनों से हैदराबाद में लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कई जगहों पर प्रदर्शन हिंसक भी हो गया था।