• बारिश से शहर में बहुत बुरा हाल है, 225 कॉलोनियों में घुसा पानी,
  • बड़ा तालाब ओवर फ्लो, बोट क्लब में खड़ा क्रूज भी डूब गया
  • भोपाल-बैरसिया मार्ग बंद; सैकड़ों पेड़ गिरे


भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले तीन दिन से बारिश हो रही है। इस दौरान भोपाल सबसे ज्यादा 7.5 इंच बारिश हो चुकी है। राजधानी भोपाल में रविवार रात साढ़े 8 बजे से सोमवार दोपहर 12 बजे तक 7.5 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। 200 से ज्यादा इलाकों कॉलोनियों में पानी घुस गया है। ईंटखेड़ी नदी उफान पर है, जिससे भोपाल - बैरसिया मार्ग बंद हो गया। शहर में 200 से अधिक पेड़ गिरने की सूचना है। कई रास्ते बंद हैं, जिससे ट्रैफिक रेंग रहा है। आधे से ज्यादा शहर में बिजली रात से ही गुल है। खराब मौसम के कारण भोपाल आने वाली सभी फ्लाइट डायवर्ट कर दी गई है। कलियासोत डैम के 7 और भदभदा के 5 और केरवा डैम के 5 गेट खुल दिए गए हैं। बड़ा तालाब के बोट क्लब में खड़ा क्रूज लेक प्रिंसेस एक मंजिला डूब गया है। 20 से ज्यादा कर्मचारियों ने रस्सी की मदद से उसे सुरक्षित किया। राजधानी के कोलार में सबसे ज्यादा पानी भरा हुआ है। ललिता नगर और नयापुरा की 50 से ज्यादा दुकानों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया है। बावडिय़ा कलां, दानिशकुंज, मंदाकिनी, शाहपुरा, करौंद, भानपुर, शिवनगर छोला, ऐशबाग, चांदबड़ बजरिया, अशोका गार्डन, टीला जमालपुरा, महामाई का बाग, जगदीशपुर, इस्लामनगर, ईंटखेड़ी, पटेल नगर, आनंद नगर, मिसरोद, बागसेवनिया, बाग मुगलिया, दानिश नगर, अरेरा कॉलोनी, नेहरू नगर, गोमती कॉलोनी, इंद्रपुरी, आकृति इको ग्रीन सिटी, नीलबबड़, रातीबड़ समेत 200 से ज्यादा कॉलोनियों में घरों में पानी घुस गया है। यहां के हाल बेहाल होने से कई लोग दूसरी जगह शिफ्ट हो रहे हैं। आंधी के साथ भारी बारिश का असर दूर संचार कंपनियों पर भी पड़ा है। सोमवार सुबह अचानक कई कंपनियों के मोबाइल नेटवर्क गायब हो गए। फोन और इंटरनेट सेवाओं के बाधित होने से कस्टमर परेशान होते रहे।

आधी से सैकड़ों पेड़ गिरे
मौसम विभाग की माने तो रात और सुबह तेज रफ्तार से हवा चली। इस कारण बावडिय़ा कलां, श्यामला हिल्स, भेल, अवधपुरी, होशंगाबाद रोड, एमपी नगर, नीलबड़, रातीबड़, कोलार, बाग सेवनिया, रायसेन रोड समेत कई इलाकों में 200 से ज्यादा पेड़ गिरने की सूचना है। नीलबड़, रातीबड़, कोलार, बाग सेवनिया समेत कई इलाकों में 100 से ज्यादा पेड़ गिर गए हैं।

आधे शहर में बिजली गुल
कोलार, छोला, अशोका गार्डन, होशंगाबाद रोड, अवधपुरी, करोंद, शिवनगर, बैरागढ़, नीलबड़, रातीबड़, अयोध्या बाइपास समेत 200 से अधिक इलाकों में आंधी और बारिश के कारण बिजली गुल रही। कोलार के मंदाकिनी, गेहूंखेड़ा, नयापुरा में तो सुबह 9 बजे तक बिजली गुल रही। बिजली कंपनी के अनुसार रातभर से हो रही बारिश की वजह से प्रदेश में बिजली के बुनियादी ढांचे को क्षति हुई है। बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से चालू करने में पूरा बिजली अमला जुटा है। तेज बारिश एवं बाढ़ के हालात के बीच बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।

हवाई यातायात प्रभावित
राजधानी भोपाल में मौसम खराब होने के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। शहर में बहुत बुरा हाल है, बोट क्लब में खड़ा क्रूज भी डूब गया। लगातार बारिश के कारण इंडिगो की सुबह की दिल्ली की उड़ान निरस्त कर दी गई है। कुछ उड़ानें डाइवर्ट की गई है। यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। राजधानी में सुबह से हो रही वर्षा के कारण राजा भोज एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भर गया। कम दृश्यता के कारण उड़ानों की लैंडिंग नही हो पा रही है। इंडिगो ने सुबह की दिल्ली उड़ान को निरस्त करने की घोषणा कर दी है। इस उड़ान से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को कुछ समय तक इंतजार करने को कहा गया है। यात्रियों को इंडिगो की दोपहर की उड़ान से रवाना किया जाएगा। खराब मौसम के कारण एयर इंडिया की मुंबई उड़ान को नागपुर डायवर्ट करना पड़ा है इस उड़ान से मुंबई जा रहे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एयर इंडिया की सुबह की दिल्ली उड़ान को इंदौर डाइवर्ट कर दिया गया है। इस् उड़ान से 112 यात्री दिल्ली जाने वाले हैं। मौसम खराब होने के कारण उन्हें एयरपोर्ट पर इंतजार करने को कहा गया है। इधर इंडिगो की हैदराबाद उड़ान भी पांच घन्टे देरी से आएगी।