भोपाल। मध्य प्रदेश के चार लाख से अधिक युवा ओवर ऐज हो गए हैं। वर्तमान नियमों के अनुसार अब यह सरकारी नौकरी के लिए पात्र नहीं रहे। युवाओं में गुस्सा बढ़ता चला जा रहा है। युवा बेरोजगार भर्ती के लिए उम्र सीमा बढ़ाने की बात कर रहे हैं। सरकार खाली पदों के लिए अभी भी भर्ती नहीं निकाल रही है। 
पुलिस विभाग ने 2017 में सब इंस्पेक्टर की अंतिम परीक्षा का आयोजन किया था। उसमें 611 सब इंस्पेक्टर की भर्ती हुई थी। 2016 में 863, 2015 में 668 तथा 2014 में 720 पदों पर भर्ती हुई थी। पिछले 6 साल से पुलिस विभाग द्वारा सब इंस्पेक्टर की भर्ती परीक्षा को लेकर चुप्पी साध रखी है। सब इंस्पेक्टर परीक्षा के लिए लाखों युवा हर साल तैयारी करते हैं। 
मध्य प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर और आरक्षक के पदों में रिक्त पदों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। हर साल हजारों की संख्या में पुलिसकर्मी रिटायर हो रहे हैं। जिसके कारण पुलिस का पूरा ढांचा गड़बड़ा गया है। इसके बाद भी पिछले 6 साल से पुलिस द्वारा भर्ती नहीं करना चिंता का विषय है। सरकार ने 2018 से अघोषित रूप से भर्तियों पर  रोक लगा रखी है। 
पुलिस विभाग हर बार आश्वासन देता है, जल्दी ही भरती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। साल दर साल 6 साल निकल गए। लेकिन भरती नहीं निकली, अब पीएचक्यू द्वारा कहा जा रहा है। सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पाइप लाइन में है। जल्द ही भर्ती निकाली जाएगी।