दिल्ली | बाहरी-उत्तरी दिल्ली के भलस्वा डेरी इलाके में साेमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त करण (22) के रूप में हुई है। वह सब्जी मंडी से  दोस्त से मिलने के लिए भलस्वा इलाके में आया था। करण के पास से उसका मोबाइल व कैश ज्यों का त्यों मिला है। माना जा रहा है कि रंजिश या किसी और वजह से करण पर हमला किया गया। भलस्वा डेरी थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार करण अपने परिवार के साथ सब्जी मंडी के मल्कागंज इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता हरिशंकर, मां नीलम देवी और एक बड़ी बहन है। करण और उसके पिता का आजादपुर मंडी में सब्जी का कारोबार है। करण के परिजन राजू ने बताया कि दीपावली पर पूजा के बाद करण अपने दोस्तों से मिलने की बात कर भलस्वा गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। तड़के 4 बजे पुलिस ने परिवार को उसे चाकू लगने की सूचना दी।