कर्नाटक में शनिवार को कांग्रेस की सरकार का गठन हो गया। सिद्धारमैया दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। वहीं डीके शिवकुमार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। वहीं कर्नाटक की इस नई सरकार की पहली कैबिनेट में 8 विधायकों को जगह दी गई है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सभी को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला बोला। इसके अलावा उन्होंने अपनी 5 गारंटी को शाम को होने वाली कैबिनेट में लागू करने की भी घोषणा की।

कांग्रेस की छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश के बाद अब कर्नाटक में भी सरकार बन गई। बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में सिद्धारमैया ने एक बार फिर कर्नाटक सीएम के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने दोपहर 12:30 बजे उन्हें गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनके बाद, KPCC चीफ डीके शिवकुमार ने डिप्टी सीएम और 8 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ ग्रहण के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंच से ऐलान कर दिया कि कर्नाटक की नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक 1-2 घंटे में होगी, जिसमें जहां पांच गारंटी कानून बन जाएंगे। उन्होंने कहा- हम झूठे वादे नहीं करते हैं। कर्नाटक की नई कांग्रेस सरकार पहली कैब‍िनेट में 5 वादे पूरे करेगी। जो हम कहते हैं, वो हम कर दिखाते हैं। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा, 'कर्नाटक की जनता को मैं दिल से और कांग्रेस पार्टी की ओर से धन्यवाद करता हूं। आपने पूरी तरह कांग्रेस पार्टी को समर्थन दिया। पिछले 5 सालों में आपने कौन सी मुश्किलें सही यह आप और हम जानते हैं।

राहुल गांधी ने कहा- हमारे पास सच्‍चाई थी और गरीब लोग थे लेकिन BJP के पास धन, ताकत, पुल‍िस, सब कुछ था लेकिन कर्नाटक की जनता ने उनकी सारी ताकत को हरा द‍िया, उनके भ्रष्‍टाचार को हरा दिया, उनकी नफरत को हरा द‍िया। नफरत के बाजार में कर्नाटक ने लाखों मोहब्बत की दुकानें खोली हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत के बाद कई बातें लिखी गईं कि कांग्रेस कैसे यह चुनाव जीती, अलग-अलग विश्लेषण किए गए लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि कांग्रेस यह चुनाव इसलिए जीती क्योंकि हम गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों के साथ खड़े थे। हमारे पास सच्चाई और गरीब लोग थे। बीजेपी के पास पैसा, पुलिस और सब कुछ था लेकिन कर्नाटक की जनता ने उनकी सारी शक्तियों को हरा दिया।